गूगल ने आज नया डूडल बनाकर अनसूया साराभाई को किया समर्पित
11/11/2017 11:02:24 AM

जालंधरः अमरीकी टैक्नोलॉजी कंपनी गूगल ने आज नया डूडल बनाकर प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता अनसूया साराभाई को समर्पित किया है। उन्होंने बुनकरों और टेक्स्टाइल उद्योग के मजदूरों के हक की लड़ाई लड़ने के लिए 1920 में मजूर महाजन संघ की स्थापना की थी जो भारत के टेक्स्टाइल मजदूरों का सबसे बड़ा पुराना यूनियन है।
शुरुआती जीवन और शिक्षा
अनसूया का जन्म 11 नवंबर, 1885 को अहमदाबाद में साराभाई परिवार में हुआ। उनके पिता का नाम साराभाई और माता का नाम गोदावरीबा था। 1912 में वह मेडिकल की डिग्री लेने के लिए इंग्लैंड चली गईं थी।
भारत वापस आने के बाद उन्होंने महिलाओं और समाज के गरीब वर्ग की भलाई के लिए काम किया। उन्होंने एक स्कूल खोला। जब उन्होंने 36 घंटे की शिफ्ट के बाद थककर चूर हो चुकी मिल की महिला मजदूरों को घर लौटते देखा तो उन्होंने मजदूर आंदोलन करने का फैसला लिया।
उन्होंने 1914 में अहमदाबाद में हड़ताल के दौरान टेक्स्टाइल मजदूरों को संगठित करने में मदद की। इसके बाद गांधी जी ने भी मजदूरों की ओर से हड़ताल करना शुरू कर दिया और अंतत: मजदूरों को 35 फीसदी बढ़ोतरी मिली। इसके बाद 1920 में मजूर महाजन संघ की स्थापना हुई।