'ग्रैंड थेफ्ट ऑटो-6' ने पहले दिन 3.79 अरब डॉलर की बिक्री के साथ बनाया रिकॉर्ड
11/21/2026 7:04:36 PM
नई दिल्ली : लोकप्रिय वीडियो गेम 'ग्रैंड थेफ्ट ऑटो-6' (जीटीए-6) ने पहले दिन खुदरा बिक्री से 3.79 अरब अमेरिकी डॉलर की कमाई करते हुए नया रिकॉर्ड बनाया है और मनोरंजन जगत में अब तक की सबसे बड़ी शुरुआत का खिताब हासिल किया है। टेक-टू इंटरएक्टिव सॉफ्टवेयर की इकाई रॉकस्टार गेम्स ने यह जानकारी दी। कंपनी ने एक बयान में कहा कि 'ग्रैंड थेफ्ट ऑटो-6' को मेटाक्रिटिक पर 100 में से 99 अंक मिले हैं। मेटाक्रिटिक एक वेबसाइट है, जो पेशेवर समीक्षकों की समीक्षाओं को मिलाकर एक समग्र अंक देती है। गेम को समीक्षकों से व्यापक प्रशंसा मिली है। इसके अलावा, रिलीज से पहले ही इसकी 3.25 करोड़ प्रतियां बिक चुकी थीं, जो सभी प्लेटफॉर्म पर एक नया रिकॉर्ड है।
रॉकस्टार गेम्स के अध्यक्ष एवं संस्थापक सैम हाउसर ने कहा, "दुनियाभर में इस गेम को खेलने वाले लोगों से मिली प्रतिक्रिया से हम बेहद अभिभूत हैं और इस पल को उनके साथ साझा करने को लेकर काफी उत्साहित हैं।" 'ग्रैंड थेफ्ट ऑटो-6' प्लेस्टेशन स्टोर, माइक्रोसॉफ्ट स्टोर, रॉकस्टार गेम्स स्टोर और दुनियाभर के खुदरा विक्रेताओं तथा ऑनलाइन स्टोर पर उपलब्ध है। रॉकस्टार गेम्स ने अपना यह बहुप्रतीक्षित गेम बृहस्पतिवार को बाजार में उतारा, जिसके साथ ही प्रशंसकों का 13 साल का इंतजार खत्म हो गया। गेम को लेकर प्रशंसकों में इतना उत्साह देखा गया कि वे लंबे समय तक इसे खेलने के लिए अपने कामकाज का कार्यक्रम बदल रहे थे और बैठकों से भी दूरी बना रहे थे। भारत में दोनों कंसोल स्टोर पर गेम के स्टैंडर्ड संस्करण की कीमत 5,999 रुपये और अल्टीमेट संस्करण की कीमत 7,499 रुपये रखी गई है।

