Zomato से ऑर्डर किया था 100 रुपए का खाना, लगा 77 हजार का चूना

9/25/2019 2:31:52 PM

गैजेट डैस्क : पटना के रहने वाले एक इंजीनियर को ज़ोमैटो से खाना ऑर्डर करना काफी महंगा पड़ा है। ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म Zomato से इस यूज़र ने 100 रुपए का खाना ऑर्डर किया था, जिसके रिफंड के चक्कर में उसे 77,000 रुपए का चूना लग गया है। 

बिहार के पटना के रहने वाले विष्णु जोकि पेशे से एक इंजीनियर हैं ने zomato से 100 रुपए का खाना ऑर्डर किया था। खाने की क्वालिटी ठीक ना लगने पर उन्होंने डिलीवरी बॉय से खाना वापस ले जाने को बोला। डिलीवरी बॉय ने उन्हें zomato कस्टमर केयर से बात करने को कहा जिसके बाद विष्णु ने गूगल पर Zomato customer care सर्च किया और जो नम्बर पहले आया उस पर कॉल की। डिलीवरी बॉय ने विष्णु को सलाह दी कि वे कस्टमर केयर एक्जीक्यूटिव द्वारा बताए जा रहे सभी स्टैप्स को फॉलो करें। 

खाली कर दिया गया बैंक अकाउंट

विष्णु को पता नहीं था कि वह ठगों के चक्कर में फंस गया है। zomato एंप्लॉई बनकर फ्रॉड कर रहे शख्स ने विष्णु को कहा कि उसके अकाउंट में रिफंड के लिए पहले उसके अकाउंट से 10 रुपए का अमाउंट डिडक्ट करना होगा। इसके लिए एक लिंक उसके पास आएगा जिस पर क्लिक करें। 

जैसे ही विष्णु ने इस लिंक पर क्लिक किया उसके कुछ समय बाद विष्णु के अकाउंट में मौजूद 77,000 रुपए को एक के बाद एक कई ट्रांजैक्शन्स के जरिए साफ कर दिया गया। 

अकाउंट से हुईं कई Paytm ट्रांजक्शन्स

विष्णु के अकाउंट में इस दौरान कई Paytm ट्रांजक्शन्स किए गए जिससे धोखेबाजों ने सारे पैसे उड़ा लिए। इसके बाद हैरान-परेशान विष्णु पुलिस और बैंक अधिकारियों के संपर्क में है, लेकिन अब तक कोई फायदा नहीं हुआ है। 
 

Hitesh