नए मेटैलिक रेड कलर में उपलब्ध हुई Yamaha YZF R-15 V3.0

4/1/2021 2:06:34 PM

ऑटो डैस्क: Yamaha ने अपनी लोकप्रिय बाइक YZF R-15 V3.0 को अब नए रंग में उपलब्ध कर दिया है। इस स्पोर्ट्स बाइक को अब आप 'मेटैलिक रेड' कलर में भी खरीद सकेंगे। कंपनी ने बताया है कि इसे 1 अप्रैल यानी कि आज से ही उपलब्ध किया जाएगा। कीमत की बात करें तो Yamaha YZF R-15 V3.0 के मटैलिक रेड कलर को 1,52,100 रुपए की एक्स-शोरूम, दिल्ली कीमत में खरीदा जा सकेगा।

आपको बता दें कि वैसे इस बाइक को कंपनी तीन अन्य कलर ऑप्शन्स (रेसिंग ब्लू, थंडर ग्रे और डार्क नाइट) में भी उपलब्ध करवा रही है। इसमें 155 सीसी का लिक्विड कूल्ड, फोर स्ट्रोक, SOHC, फ्यूल-इंजेक्टेड, 4 वाल्व इंजन लगा है जो 18.37 बीएचपी की पॉवर और 14.1 न्यूटन मीटर का टॉर्क जनरेट करता है। इस बाइक की सबसे बड़ी खासियत है कि यह असिस्ट स्लिपर क्लच तकनीक के साथ आती है और इसमें 6-स्पीड गियरबॉक्स मिलता है।

इस बाइक में आपको एयरोडायनामिक डिजाइन के साथ स्पोर्टी राइडिंग पोजीशन मिलती है। YZF R-15 V3.0 में एल्युमीनियम स्विंगआर्म, डेल्टाबॉक्स फ्रेम और क्लिप हैंडलबार लगाई गई है। इसके अलावा इसमें फुल एलईडी हेडलाइट और एलईडी टेललाइट जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं।

Content Editor

Hitesh