नए सर्वे से हुआ खुलासा , औरतों को PUBG की जगह Candy Crush है ज़्यादा पसंद
9/30/2019 10:30:39 AM

गैजेट डेस्क : औरतों और पुरुषो के बीच वीडियो गेम्स को लेकर अलग-अलग पसंद रहती है। CMR रिसर्च फर्म की एक हालिया सर्वे रिपोर्ट से पता चलता है कि भारत में पुरुषों की तुलना में महिलाएं मोबाइल गेम अधिक खेलती हैं। इस सर्वे में 2000 स्मार्टफोन यूज़र्स शामिल थे और इसमें चौंका देने वाली बात सामने आई है कि लगभग 95% महिलाएं एक्टिव मोबाइल गेमर हैं जबकि मोबाइल गेम खेलने वाले पुरुषों का प्रतिशत तुलनात्मक रूप से मात्र 86% है।
वीडियो गेमिंग सर्वे के चौंका देने वाले तथ्य
इस सर्वे के अनुसार 75% गेमर्स रोज़ाना 2 घंटे के लिए मोबाइल गेम खेलते हैं। इसमें भी महिलाओं की भागीदारी अधिक रही। लगभग 78% महिलाओं ने स्वीकार किया कि वे 2 घंटे और उससे अधिक समय तक गेमिंग करती है जबकि 72% पुरुष मोबाइल गेम खेलते हुए समय व्यतीत करते हैं।
आप सोच रहे होंगे कि ये महिलाएं कौन सा वीडियो गेम खेलती हैं तो इस सर्वे में उसका जवाब भी सामने आया है। अधिकांश महिला मोबाइल गेमर PUBG मोबाइल या कॉल ऑफ ड्यूटी जैसे एक्शन गेम खेलने की शौक़ीन नहीं है बल्कि इसके बजाय वे कैज़ुअल फ्री-टू-प्ले वीडियो गेम्स जैसे कैंडी क्रश, वर्ड पज़ल और क्लैश ऑफ़ क्लैन्स में रुचि रखते हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि 66% महिलाएं Google Play Store और Apple ऐप स्टोर पर हाई रेटिंग वाले वीडियो गेम इंस्टॉल करना पसंद करती हैं। वीडियो गेम का बड़ा फाइल साइज भी उनके लिए मायने नहीं रखता है।