भारत के 13 वीवीआईपी के iPhone में मैलवेयर अटैक!
7/14/2018 2:38:40 PM
जालंधर- कमर्शल थ्रेट इंटेलिजेंस ग्रुप सिसको टालोज के शोधकर्ताओं ने बताया है कि भारत के 13 अतिविशिष्ट लोगों (VVIPs) के iPhone में malware के जरिए व्हाट्सएप, लोकेशन, चैट लॉग, तस्वीर और कॉन्टैक्ट्स जैसी जानकारियां चुराई गई हैं। हालांकि अब तक इन 13 लोगों की पहचान नहीं हो पाई है। वहीं एक्सपर्ट्स को आशंका है कि iPhone में सेंध लगाने वाला भारत में हो सकता है लेकिन उसने खुद को रूस का दिखाने की कोशिश की है। ऐसा इसलिए क्योंकि इस पूरी गतिविधि में उसने रूसी नाम और रूस के ईमेल डोमेन का इस्तेमाल किया है। इसे अंजाम देने वालों के दो पर्सनल डिवाइसों में भारत के वोडाफोन नेटवर्क के फोन नंबर का इस्तेमाल हुआ है।

एेसे किया अटैक
एक्सपर्ट्स ने दावा किया है कि आईफोन पर हमला करने वालों ने एक ओपन सोर्स मोबाइल डिवाइस मैनेजमेंट सिस्टम (MDM) तैयार किया। इसकी मदद से 13 डिवाइसों तक पहुंच बनाई गई। टालोज सिक्यॉरिटी के टेक्निकल लीडर वॉरन मर्सर ने कहा कि अटैकर ने वैधानिक एप्स जैसे व्हाट्सएप और टेलिग्राम में अलग से फीचर्स जोड़ने की एक निश्चित तकनीक का इस्तेमाल किया। फिर टारगेट किए गए 13 iPhone में MDM द्वारा इन्हें भेजा गया।

ब्लैकमेल या रिश्वतखोरी
बताया जा रहा है कि iPhone से जो सूचनाएं चुराई गईं है उनका इस्तेमाल इसके मालिकों को ब्लैकमेल करने या रिश्वतखोरी के लिए किया जा सकता है। लिनक्स/यूनिक्स सिस्टम ऐडमिनिस्ट्रेटर्स की ऑनलाइन कम्युनिटी निक्सक्राफ्ट ने टालोज के रिसर्ज को कोट करते हुए ट्वीट किया कि जिस तरह की तैयारी हुई और समय खर्च हुआ उसे देखकर लगता है कि ये जरूर ही VVIPs के iPhone होंगे।

आईफोन की सुरक्षा पर उठे सवाल
सिक्युरिटी रिसर्चर किरन जोनलगड्डा ने कहा कि इस हमले से यह स्पष्ट है कि आईओएस डिवाइस असुरक्षित है। वहीं तेलंगाना सीआईडी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस यू राममोहन ने एक अखबार से बातचीत में कहा कि आईफोन की सुरक्षा में सेंध लगाना दुर्लभ मामला है। बता दें कि अाईफोन को दुनियाभर में सबसे सुरक्षित फोन माना जाता है।

