लांच होने के 48 घंटे बाद ही GSAT-6A से टूटा संपर्क

4/1/2018 5:26:48 PM

जालंधर- इसरो ने गुरुवार को जीसैट-6ए सैटेलाइट लांच किया था और इसे भारत का अब तक का सबसे बड़ी कम्युनिकेशन सैटेलाइट माना जा रहा था। जानकारी के मुताबिक लांच होने के 48 घंटे बाद ही इसरो का सैटेलाइट से संपर्क टूट गया है। इस सैटेलाइट में तकनीकी खराबी होने की आशंका जताई जा रही है। इसरो की तरफ से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि सफलतापूर्वक काफी देर तक फायरिंग के बाद जब सैटेलाइट तीसरे और अंतिम चरण के तहत 1 अप्रैल 2018 को सामान्य ऑपरेटिंग की प्रक्रिया में था, इससे हमारा संपर्क टूट गया। सैटेलाइट GSAT-6A से दोबारा संपर्क स्थापित करने की लगातार कोशिश की जा रही है।

 

वहीं इसरो की ओर से यह नहीं बताया गया है कि सैटेलाइट में आई खराबी को ठीक किया जा सकता है या नहीं। बता दें कि जीसैट-6ए एक कम्युनिकेशन सैटेलाइट है और इसको तैयार करने में 270 करोड़ रुपए का खर्च आया है। इसका मुख्य तौर पर इस्तेमाल भारतीय सेना के लिए किया जाना है। इसे भारतीय सेना के साथ ही वैज्ञानिकों के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। इस सैटेलाइट को भारतीय सेना के लिए संचार की सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए श्रीहरिकोटा से प्रक्षेपण किया गया था। 

Punjab Kesari