अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर गूगल ने डूडल बनाकर दिया ये खास संदेश

3/8/2021 12:16:25 PM

गैजेट डैस्क: दुनिया भर में आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जा रहा है और इस मौके पर गूगल ने खास डूडल तैयार किया है। इस डूडल को महिलाओं के प्रति सम्मान जताने के लिए बनाया गया है जोकि पूरी तरह से नारी शक्ति को स​मर्पित है। इस डूडल में एक एनिमेटेड वीडियो शेयर की गई है जिसमें समाज में महिलाओं की भूमिका को प्रदर्शित किया गया है। इसके जरिए लोगों को बताने की कोशिश की गई है कि महिलाएं हर क्षेत्र में काम कर रही हैं और अपनी हर जिम्मेदारी को बेहद ही अच्छे तरीके से निभा रही हैं। वीडियो के जरिए बताया गया कि ऐसा कोई क्षेत्र नहीं है जिसमें महिलाएं शामिल नहीं हैं।

 

इस गूगल डूडल में आपको कुछ सैकेंड्स की एनिमेटिड वीडियो दी गई है जिसमें दुनियाभर की महान महिलाओं के बारे में संक्षेप में जानकारी मिलती है। इसमें एवरेस्ट पर चढ़ने वाली महिला से लेकर इंजीनियर, राजनीतिज्ञ, वैज्ञानिक और बिजनेसवुमन को दिखाया गया है। संदेश यह दिया गया है कि महिलाएं आज सिर्फ घर ही नहीं बल्कि समाज का नेतृत्व भी कर रही हैं। 

जानकारी के लिए बता दें कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस हर साल 8 मार्च को मनाया जाता है और इस दिन का मकसद अलग-अलग क्षेत्रों में महिलाओं की सक्रिय भूमिका की सराहना करना और उन्हें सम्मान देना है।

Content Editor

Hitesh