के एल सहगल के 114वें जन्मदिन पर गूगल ने बनाया नया डूडल

4/11/2018 7:54:31 AM

जालंधरः अमरीकी टैक्नोलॉजी कंपनी गूगल ने आज भारतीय सिनेमा के बेहतरीन अभिनेता और गायक रहे कुंडललाल सेहगल  के 114वें जन्मदिन पर नया डूडल बनाया है। गूगल ने डूडल के जरिए केएल सहगल को अपने खास अंदाज में याद किया है। के एल सहगल अपने खास अंदाज में गाना गाने के लिए काफी प्रसिद्ध थे, उनकी आवाज लोगों को काफी पसंद थी और अपने कार्यकाल में उन्होंने कई बुलंदियों को छुआ।

 

प्रारंभिक जीवनः

केएल सहगल  जन्म 11 अप्रैल 1904 को हुआ था। वह जम्मू में पैदा हुए थे। सहगल बचपन में ही अपनी मां के साथ संगीत के सुर में रम गए थे। वह अपनी मां के साथ  शास्‍त्रीय संगीत पर आधारित भजन कीर्तनों का आयोजन में जाते थे। सहगल ने केवल  प्रारंभिक शिक्षा के बाद स्‍कूल छोड़ दिया था, जिसके बाद वह मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर टाइमकीपर की नौकरी करते थे। मुरादाबाद से वह कानपुर आए और यहां चमड़े के कारोबारियों के यहां नौकरी की। सहगल ने कानपुर में ही संगीत सीखा। 

 

फिल्मी सफरः

केएल सहगल 1931-32 में सिनेमा जगत में आए और काफी लोकप्रिय गायक व अभिनेता बने। 1935 से 1947 के बीच वह काफी लोकप्रिय हुए थे। उन्होंने कुल 36 फिल्मों में काम किया, जिसमे से 28 हिन्दी फिल्में थी ,जबकि सात बंगाली फिल्म व एक तमिल फिल्म थी। अपने 15 साल के लंबे कार्यकाल में उन्होंने कई यादगार भूमिकाएं निभाई और कभी नहीं भूलने वाले गाने गाए। उनकी कुछ बेहद लोकप्रिय फिल्में प्रेसीडेंट, माई सिस्टर, जिंदगी, चांदीदास, भक्त सूरदास, तानसेन काफी हिट फिल्में थीं।

 

43 साल की उम्र में हुआ निधनः

अत्याधिक शराब पीने की वजह से 1946 में वह बेहद बीमार हो गए। जिसके बाद वह नगर जालंधर चले आए। जहां 18 जनवरी 1947 को लीवर की बीमारी के कारण उनकी मृत्यु हो गई।

Punjab Kesari