हीरो Xpulse 200 4V की रैली एडिशन बाइक से उठा पर्दा, जल्द होगी लाॅन्च

7/11/2022 2:57:27 PM

ऑटो डेस्क: हीरो मोटोकॉर्प ने हाल ही में ने Xpulse 200 4V ऑफ रोड बाइक के रैली एडिशन को पेश किया है। इससे पहले कंपनी ने 38,000 रुपए की कीमत पर Xpulse 200 4V के लिए रैली किट को लॉन्च था।

हीरो Xpulse 200 4V रैली एडिशन में न केवल बाइक के परफॉर्मेंस में सुधार किया गया है बल्कि यह बाइक अब पहले से अधिक ऑफ-रोड क्षमताओं के साथ पेश की गई है जो एक किफायती ऑफ-रोड बाइक खरीदने वालों को खूब पसंद आएगी।

इस बाइक में नया हैंडलबार, लंबा फ्रंट सस्पेंशन, नया साइड स्टैंड, बेहतर ग्रिप वाले टायर, और एक नया सीट शामिल है। जानकारी के अनुसार बाइक के इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर को भी अपडेट किया गया है।

सामने आई तस्वीरों के मुताबिक कंपनी इस बाइक को फैक्ट्री टीम पेंट में लॉन्च कर सकती है। अपडेट के साथ Xpulse 200 4V रैली एडिशन की कीमत स्टैंडर्ड मॉडल से अधिक हो सकती है। खबरों की मानें तो यह बाइक स्टैंडर्ड Xpulse 200 4V से 40,000 रुपए महंगी हो सकती है।

रैली एडिशन के इंजन में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसमें स्टैंडर्ड मॉडल  के जैसे ही 199.6cc का आयल कूल्ड, OHC 4 वॉल्व इंजन दिया गया है। यह इंजन 8,500 आरपीएम पर 19.1 बीएचपी की पॉवर और 6,500 आरपीएम पर 17.35 न्यूटन मीटर का टॉर्क जनरेट करता है। यह इंजन 5-स्पीड गियरबॉक्स से लैस है।

बता दें हीरो Xpulse 200 4V (एक्सपल्स 200 4वी) एलईडी हेडलाइट, एलईडी टेल लाइट, फुल एलसीडी इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और ब्लूटूथ जैसे फीचर्स के साथ आती है। कंपनी ने दिसंबर 2021 में इसे 4 वॉल्व (4V) इंजन के साथ लॉन्च किया था। हीरो Xpulse 200 4V स्टैंडर्ड मॉडल 1.32 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की कीमत पर उपलब्ध है।
 

Content Writer

Smita Sharma