कम्प्यूटर ही नहीं टी.वी. से भी हो सकेगी वीडियो एडीटिंग

3/12/2016 10:26:09 AM

जालंधर : क्या आप अपने एक्शन कैमरे और ड्रोन से रिकार्ड की गई वीडियोज को कम्प्यूटर की अपेक्षा टी.वी. से एडिट करना पसंद करेंगे? अगर आप सोच रहे हैं यह कैसे मुमकिन हो सकता है तो शूगरलॉक (Sugarlock) नाम का डिवाइस इस काम को करने में आपकी मदद करेगा। दरअसल शूगरलॉक एक एडीटिंग बॉक्स है जिसे आप अपने टी.वी. के साथ अटैच कर वीडियो को एडिट कर सकते हैं। शूगरलॉक डिवाइस से फुटेज (रिकार्ड की गई वीडियो) को एडिट करते समय कमांड देने के लिए किसी रिमोर्ट के रूप में स्मार्टफोन का प्रयोग होता है और वीडियो आसानी से एडिट होती है।

एच.डी.एम.आई. केबल की मदद से शूगरलॉक को टी.वी. से कनैक्ट कर यूजर माइक्रो एस.डी. कार्ड और यू.एस.बी. में पड़ी एम.पी.4 और एम.ओ.वी. फुटेज को बड़ी स्क्रीन पर देख सकते हैं। इसके बाद एंड्रॉयड और आई.ओ.एस. स्मार्टफोन पर चलने वाले शूगरलॉक एप की मदद से वीडियो को एडिट कर सकते हैं और इसे ऑनलाइन प्लेटफार्म पर शेयर भी कर सकते हैं। 

शूगरलॉक को इस्तेमाल करने वाला एप भी सरल है जिसे आराम से चलाया जा सकता है। एप में एक्शन बटन और जैस्चर एरिया दिया गया है, जिससे क्लिप को सिलैक्ट कर एडिट कर सकते हैं। इसके अलावा वाई-फाई और इंटरनैट की मदद से बनाई गई वीडियो को शेयर भी किया जा सकता है। 

ऐसा दावा किया गया है कम्प्यूटर की अपेक्षा इस डिवाइस की मदद से वीडियो एडिट करना आसान है। क्या है इस डिवाइस के वीडियो एडिट करने का राज : शूगरलॉक में एम.आई.पी.एस. आधारित एस.ओ.सी., 8 जी.बी. इंटर्नल स्क्रैच स्पेस (टैम्परेरी स्टोरेज और इसमें स्थायी रूप से वीडियोज स्टोर नहीं हो सकती) के साथ हाई परफार्मैंस वीडियो प्रोसैसिंग इंजन लगा है, जो वीडियो एडिट करने में मदद करता है। यूजर वीडियो को शूगरलॉक क्लाऊड पर अपलोड और स्टोर कर सकता है, जिसमें 10 GB की फ्री स्पेस कम्पनी द्वारा दी जाएगी। फिलहाल शूगरलॉक फुल एच.डी. (1080 पिक्सल) में 60 एफ.पी.एस. (फ्रेम्स प्रति सैकेंड) पर ही वीडियोज एडिट कर सकता है लेकिन आने वाले समय में इसमें 4के सपोर्ट भी एड किया जाएगा। 

शूगरलॉक में 4के सपोर्ट अपडेट के जरिए पेश किया जाएगा और इस ऑटोमैटिक अपडेट में और भी कई सारे फीचर्स पेश किए जाएंगे जिनमें म्यूजिक और फोटो फाइल्स को वीडियो में बदलने वाला फीचर भी शामिल है। फिलहाल इस कमाल के डिवाइस को बनाने के लिए एक क्राऊड फंडिग वैबसाइट की मदद से पैसे जुटाए जा रहे हैं। यह 259 डॉलर की बिड पर खरीदने की इच्छा जाहिर की जा सकती है हालांकि इसकी रिटेल कीमत 349 डॉलर होगी। अगर सब योजना के मुताबिक चला तो शूगरलॉक की शिपिंग इस जून तक शुरू हो जाएगी। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News

static