एप्पल और सैमसंग से काॅपी किए है एंड्रॉयड के नए वर्जन में दिए गए ये फीचर्स

3/13/2016 1:44:46 PM

जालंधर : हाल ही में गूगल ने एंड्रॉयड के नए वर्जन ‘एंड्रॉयड एन’ का डिवैल्पर प्रिव्यू पेश किया है। वैसे तो सर्च जायंट हर साल एंड्रॉयड के नए वर्जन का डिवैल्पर प्रिव्यू ‘आई.ओ. कॉन्फ्रैंस’ में पेश करता है लेकिन इस बार आई.ओ. कॉन्फ्रैंस से पहले ही इसे पेश कर दिया है। एंड्रॉयड एम (6.0 मार्शमैलो) में गूगल ने एंड्रॉयड के पुराने वर्जन एल (5.0 लॉलीपॉप) को सुधारा था और इस बार ‘एन’ वर्जन से एंड्रॉयड एम को कहीं बेहतर बनाया गया है। एंड्रॉयड एन में पेश किए गए फीचर्स अच्छे तो हैं लेकिन इन फीचर्स में ‘वाओ’ फैक्टर नहीं है। एंड्रॉयड एन में दिए गए फीचर्स पहले से ही कुछ स्मार्टफोन्स और अन्य ऑप्रेटिंग सिस्टम में उपलब्ध हैं। आइए जानते हैं एंड्रॉयड एन में दिए गए कौन से फीचर्स पहले से ही हैं मौजूद -

Split-Screen  

स्प्लिट-स्क्रीन फीचर की मदद से यूजर अपने फोन की स्क्रीन पर दो एप्स को एक साथ चला सकता है लेकिन अब यह फीचर इतना खास नहीं रह गया है। यह फीचर सैमसंग के गैलेक्सी नोट डिवाइसिज में सबसे मुख्य है और पिछले साल एप्पल ने भी आईपैड के लिए स्प्लिट स्क्रीन फीचर लांच किया है, तो अब यह फीचर एंड्रॉयड के स्टॉक वर्जन में आ भी जाए तो कोई बड़ी बात नहीं है। 

Direct reply notifications 

इस फीचर की मदद से नोटीफिकेशन सैंटर से ही मैसेज का रिप्लाई कर सकते हैं। आई.ओ.एस. 9 में इस फीचर को एप्पल ने लांच किया था। डायरैक्ट रिप्लाई से यह फायदा रहता है कि आपको मैसेज का जवाब देने के लिए मैसेजिंग एप या फोन के मैसेज बॉक्स को खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी, सीधे नोटीफिकेशन सैंटर से ही रिप्लाई हो जाता है।

Picture in Picture

एप्पल टी.वी. में यह फीचर दिया गया है जिससे कोई अन्य टास्क करते समय छोटे रूप में वीडियो देखी जा सकती है। इसके अलावा सैमसंग के स्मार्टफोन्स में यह फीचर पहले से ही मौजूद है। अगर आपने सैमसंग का स्मार्टफोन इस्तेमाल किया होगा तो पता होगा कि वीडियो देखते समय उसे छोटा कर किसी भी एप के साथ चलाया जा सकता है, बस पिक्चर इन पिक्चर फीचर यही है। 

Night Mode

एंड्रॉयड एन में नाइट मोड की पेशकश की गई है, हालांकि यह फीचर एंड्रॉयड एम (मार्शमैलो) में नहीं दिया गया है। सैटिंग की मदद से फोन की थीम को डार्क मोड में बदला जा सकता है। इसे कस्टमाइज भी किया जा सकता है जिससे लोकेशन और दिन में समय के अनुसार यह काम करने लगेगा। यह फीचर आई.ओ.एस. 9.3 में दिया गया है, जिससे रात के समय आंखों पर प्रभाव न पड़े इसके लिए डिस्प्ले के रंगों में बदलाव कर सकते हैं। एंड्रॉयड एन भी ऐसा ही काम करता है। 

Quick app switch

एंड्रॉयड एन में क्विक एप स्विच फीचर पेश किया गया है जिससे एक एप इस्तेमाल करते समय दूसरे एप में आसानी से जाया जा सकता है और यह फीचर भी आई.ओ.एस. डिवाइसिज में उपलब्ध है। जहां एंड्रॉयड एन में मल्टी टासिंकग बटन को एक बार दबाने पर यह फीचर पुराने ओपन किए गए एप में को-ओपन कर देता है, वहीं आई.ओ.एस. में यदि आप किसी एप का इस्तेमाल कर रहे हैं और आपको मैसेज या कोई और नोटीफिकेशन आ जाता है जिससे आप दूसरे एप में चले जाते हैं तो पिछले एप में जाने के लिए टैप टू बैक का ऑप्शन दिखाई देने लगता है। क्विक एप स्विच भी इसी फीचर का एडवांस्ड वर्जन है जिसमें किसी भी वक्त पिछले एप में स्विच किया जा सकता है। 

Custom Quick Settings tiles 

क्विक सैटिंग्स टाइल्स जिसमें वाई-फाई, ब्लूटूथ, लोकेशन, फ्लाइट मोड जैसे फीचर्स होते हैं, को एंड्रॉयड एन में इधर-उधर किया जा सकता है। अब अगर आप सोच रहे हैं यह फीचर अच्छा है तो आपको याद करवा देते हैं कि चाइनीज स्मार्टफोन कम्पनी वनप्लस की ऑक्सीजन यूआई में यह फीचर पहले से ही मौजूद है।

फिलहाल एंड्रॉयड एन का प्रिव्यू डिवैल्पर्स के लिए किया गया है जिसमें बहुत से बग होंगे जिन्हें गूगल द्वारा ठीक किया जाएगा। इसके अलावा नए नैक्सस डिवाइस को लांच करने के साथ ही एंड्रॉयड एन को लांच किया जाएगा और तब ही इसके पूरे नाम का पता चल पाएगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News

static