यंगस्टर को जरूर पसंद आएगी 2016 कावासाकी वल्कन 1700 Vaquero ABS
5/23/2016 12:14:25 PM

जालंधरः जापानी दुपहिया वाहन निर्माता कंपनी क्वासाकी की क्रूजर मोटरसाइकल्स का जलवा दुनिया में हमेशा से रहा है लेकिन आज हम बात करने जा रहे हैं कावासाकी की वल्कन रेंज में सबसे अलग पहचान रखने वाली 2016 कावासाकी वल्कन 1700 वकेरो एबीएस की । अमरीका में इस मोटरसाइकल की कीमत 16,699 डॉलर (लगभग 11.25 लाख रुपए) है
लुक्स की बात की जाए तो यह मोटरसाइकल आपको पहली ही नजर में दीवाना बना सकती है। 2016 कावासाकी वल्कन 1700 वकेरो एबीएस को ट्रडिशनल और मॉडर्न स्टाइलिंग का अद्भुत मिश्रण कहा जा सकता है। हालांकि यह बाइक फिलहाल भारत में उपलब्ध नहीं है।
कावासाकी की यह मोटरसाइकल 98.8 इंच लंबी, 38.2 इंच चौड़ी और 50.8 इंच ऊंची है। इस मोटरसाइकल का वीलबेस 65.6 इंच और ग्राउंड क्लियरेंस 5.7 इंच है। इस मोटरसाइकल में 1700सीसी की क्षमता वाला दमदार वी-ट्विन इंजन लगाया गया है। इस इंजन को ओवरड्राइव और पॉजिटिव न्यूट्रल फाइंडर से युक्त 6-स्पीड ट्रांसमिशन से जोड़ा गया है।
क्रूजर बाइक के हिसाब से इस मोटरसाइकल की सीट की ऊंचाई पर्फेक्ट है। 2016 कावासाकी वल्कन 1700 वकेरो एबीएस की सीट 28.7 इंच ऊंची है। 2016 कावासाकी वल्कन 1700 वकेरो एबीएस के फ्यूल टैंक की कपैसिटी 20 लीटर की है। यह मोटरसाइकल पर्ल क्रिस्टल वाइट कलर में उपलब्ध है।
कावासाकी की इस क्रूजर में ब्रेकिंग भी जबर्दस्त है। इसके फ्रंट में जहां 300मिमी का ड्यूल डिस्क ब्रेक लगाया गया है वहीं रियर में 300मिमी का ही सिंगल डिस्क ब्रेक लगाया गया है। फ्रंट और रियर दोनों ही तरफ एबीएस भी मौजूद है। 2016 कावासाकी वल्कन 1700 वकेरो एबीएस के फ्रंट में 130/90x16 टायर और रियर में 170/70x16 टायर लगाया गया है। ।