Mahindra XUV 7XO भारत में लॉन्च, कीमत 13.66 लाख रुपए से शुरू, जानिए फीचर्स और इंजन डिटेल
1/5/2026 10:26:00 PM
ऑटो डेस्कः महिंद्रा एंड महिंद्रा ने भारत में अपनी नई SUV Mahindra XUV 7XO को आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है। यह SUV XUV700 की विरासत को आगे बढ़ाती है, लेकिन इसे पूरी तरह नई टेक्नोलॉजी, बेहतर सॉफ्टवेयर, ज्यादा कंफर्ट, एडवांस सेफ्टी और प्रीमियम केबिन एक्सपीरियंस के साथ पेश किया गया है। Mahindra XUV 7XO की शुरुआती कीमत ₹13.66 लाख (एक्स-शोरूम) रखी गई है।
इस SUV की बुकिंग 14 जनवरी 2026 से शुरू होगी और उसी दिन से कुछ चुनिंदा वेरिएंट्स की डिलीवरी भी शुरू कर दी जाएगी।

कहां बन रही है XUV 7XO और कितना निवेश हुआ
Mahindra XUV 7XO का निर्माण महाराष्ट्र के चाकण प्लांट में किया जा रहा है। इस प्लांट की सालाना उत्पादन क्षमता 1.2 लाख यूनिट है। महिंद्रा ने इस SUV के विकास में करीब ₹415 करोड़ का निवेश किया है, जो कंपनी ने अपनी आंतरिक कमाई (Internal Accruals) से किया है। इससे साफ है कि XUV 7XO महिंद्रा के घरेलू SUV पोर्टफोलियो के लिए एक रणनीतिक रूप से बेहद अहम मॉडल है।
एक्सटीरियर डिजाइन: XUV700 जैसा लेकिन ज्यादा प्रीमियम और शार्प
डिजाइन के मामले में XUV 7XO, XUV700 के साइज और शेप को बरकरार रखती है, लेकिन इसमें ज्यादा शार्प और प्रीमियम एलिमेंट जोड़े गए हैं। SUV के फ्रंट में नई फुल-विड्थ पियानो ब्लैक ग्रिल दी गई है, जिसमें ज्वेल जैसे टैलन-स्टाइल एक्सेंट हैं। इससे SUV का रोड प्रेजेंस पहले से ज्यादा दमदार नजर आता है। इसके साथ Bi-LED प्रोजेक्टर हेडलैंप और LED DRL मिलते हैं। पीछे की तरफ डायमंड डिजाइन क्लियर लेंस LED टेललैंप दिए गए हैं। साइड प्रोफाइल में 19-इंच डायमंड-कट अलॉय व्हील्स SUV को मजबूत और प्रीमियम लुक देते हैं। इसके अलावा पियानो ब्लैक क्लैडिंग, इलेक्ट्रिक स्मार्ट डोर हैंडल और एक्सपोज़्ड आइस-क्यूब फॉग लैंप जैसे एलिमेंट महिंद्रा की “टफ-प्रीमियम” डिजाइन सोच को दिखाते हैं।

इंटीरियर: ज्यादा लग्ज़री, ज्यादा स्पेस और ज्यादा टेक्नोलॉजी
XUV 7XO का केबिन पहले के मुकाबले काफी ज्यादा लग्ज़री और हाई-टेक बनाया गया है। डैशबोर्ड का सबसे बड़ा आकर्षण है 31.24 सेमी का ट्रिपल-स्क्रीन लेआउट, जो अब सभी वेरिएंट्स में दिया गया है। यह भारत की पहली ऐसी पेट्रोल-डीजल (ICE) SUV है जिसमें यह फीचर स्टैंडर्ड रूप से मिलता है। केबिन में सॉफ्ट-टच लेदरेट मटीरियल, हाई-डेंसिटी सीट फोम, मोटी कुशनिंग और मल्टी-जोन एंबिएंट लाइटिंग दी गई है, जिससे अंदर बैठने का अनुभव ज्यादा प्रीमियम हो जाता है।
ऊंचे वेरिएंट्स में पावर्ड और वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, वेंटिलेटेड रियर सीट्स, बॉस मोड के साथ पावर्ड को-ड्राइवर सीट, रिट्रैक्टेबल रियर सनशेड, अकूस्टिक सोलर विंडस्क्रीन और साइलेंट मोड के साथ डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल जैसे फीचर्स मिलते हैं। SUV को वेरिएंट के हिसाब से 6-सीटर और 7-सीटर कॉन्फ़िगरेशन में खरीदा जा सकता है।

टेक्नोलॉजी और कनेक्टिविटी: भारत की पहली Software-Defined ICE SUV
XUV 7XO की सबसे बड़ी खासियत इसका Software-Defined Vehicle (SDV) आर्किटेक्चर है। यह भारत की पहली ऐसी पेट्रोल-डीजल SUV है जो इस टेक्नोलॉजी पर बनी है। इसका इंफोटेनमेंट सिस्टम महिंद्रा के नए ADRENOX+ प्लेटफॉर्म पर काम करता है, जिसे Qualcomm Snapdragon SA8155P चिपसेट से पावर मिलती है। इससे स्क्रीन ज्यादा तेज, स्मूद और रिस्पॉन्सिव बनती है।

SUV में वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay, Alexa और ChatGPT इंटीग्रेशन, 49 प्री-इंस्टॉल ऐप्स और 90 से ज्यादा कनेक्टेड कार फीचर्स दिए गए हैं, जिन्हें Adrenox ऐप के जरिए कंट्रोल किया जा सकता है। इसके अलावा BYOD (Bring Your Own Device) और थिएटर मोड भी मिलता है, जिससे पीछे बैठे यात्री अपने डिवाइस पर कंटेंट स्ट्रीम कर सकते हैं। XUV 7XO भारत की पहली ICE कार है जिसमें Dolby Vision और Dolby Atmos का इंटीग्रेटेड अनुभव मिलता है। साउंड सिस्टम की जिम्मेदारी 16-स्पीकर Harman Kardon सिस्टम संभालता है, जो 3D सराउंड साउंड देता है।
एडवांस फीचर्स की लंबी लिस्ट
इस SUV में 540-डिग्री सराउंड व्यू कैमरा, डिजिटल वीडियो रिकॉर्डिंग, फ्रेमलेस ऑटो-डिमिंग IRVM, मेमोरी ORVM (रिवर्स टिल्ट के साथ), अप्रोच अनलॉक, वॉक-अवे लॉक, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक (ऑटो होल्ड के साथ) और एक्टिव कूलिंग वाली वायरलेस चार्जिंग (फ्रंट और रियर दोनों के लिए) जैसे फीचर्स भी मिलते हैं।
नई DAVINCI सस्पेंशन टेक्नोलॉजी
Mahindra XUV 7XO में DAVINCI सस्पेंशन सिस्टम का ग्लोबल डेब्यू किया गया है। यह वाल्व-बेस्ड डैम्पिंग टेक्नोलॉजी है, जो फ्रंट में McPherson स्ट्रट और पीछे मल्टी-लिंक इंडिपेंडेंट सस्पेंशन के साथ काम करती है। इसका मकसद हर तरह की सड़क पर ज्यादा स्मूद राइड और बेहतर हैंडलिंग देना है।
इंजन और पावर ऑप्शन
XUV 7XO में दो इंजन ऑप्शन दिए गए हैं। पहला 2.0-लीटर mStallion TGDi पेट्रोल इंजन है, जो 197 bhp की पावर और 380 Nm का टॉर्क देता है। दूसरा 2.2-लीटर mHawk डीज़ल इंजन है, जो 185 bhp की पावर और 450 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। दोनों इंजनों के साथ 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प मिलता है। डीज़ल वेरिएंट में AWD (ऑल-व्हील ड्राइव) का ऑप्शन भी दिया गया है, जिससे यह अपने सेगमेंट की इकलौती SUV बन जाती है।
सेफ्टी और ड्राइवर असिस्टेंस
सेफ्टी के मामले में XUV 7XO को बेहद मजबूत बनाया गया है। इसमें 120 से ज्यादा सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं, जिनमें से 75 फीचर्स स्टैंडर्ड हैं। SUV को Bharat NCAP में 5-स्टार रेटिंग हासिल करने के लिए तैयार किया गया है। इसमें Level-2 ADAS के 17 फीचर्स मिलते हैं, जैसे अडैप्टिव क्रूज़ कंट्रोल, लेन कीप असिस्ट और ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग। इसके अलावा 7 एयरबैग, ESP, EBD, हिल डिसेंट कंट्रोल, ड्राइवर ड्रोसीनेस अलर्ट, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम और ऑटो हाई-बीम असिस्ट भी दिया गया है।
बुकिंग और डिलीवरी
Mahindra XUV 7XO की बुकिंग 14 जनवरी 2026 से शुरू होगी। सबसे पहले AX7, AX7T और AX7L वेरिएंट्स की डिलीवरी की जाएगी, जिसमें प्री-बुकिंग कराने वाले ग्राहकों को प्राथमिकता मिलेगी। वहीं AX, AX3 और AX5 वेरिएंट्स की डिलीवरी अप्रैल 2026 से शुरू होने की योजना है।

